क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। नगर निगम रायपुर ने लंबे समय से बकाया टैक्स और डिमांड नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की है। अंतिम नोटिस के बाद निगम की टीम ने जोन 9 क्षेत्र में दबिश देते हुए कई दुकानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान चार दुकानदारों ने मौके पर ही कुल 80,592 रुपये का भुगतान कर दिया, जबकि बाकी बकायादारों पर कार्रवाई जारी रही। निगम की टीम ने बकाया भुगतान नहीं करने पर कुल 8 दुकानों को सील कर दिया। इन पर मिलाकर 3,65,510 रुपये का बकाया था। सील की गई दुकानों में बरखा अग्रवाल (सेलून), अभिषेक कुमार (एज शॉप), चित्रा रेखा अग्रवाल, विवेक गोयल, सरफराज खान, शेख साजिद और इंद्रमणि मिनरल इंडिया सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से बकाया जमा नहीं करने वालों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का राजस्व बढ़ाने और बकाया वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अप्रैल 2026