क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


- आक्रोशित युवाओं का जिला अस्पताल में धरना रायसेन (ईएमएस)। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बुधवार को एम्बुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण एक पत्रकार युवक दीपक सोनी सांची की जान चली गई। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस उन्नत कृषि महोत्सव मेले की वीआईपी ड्यूटी में लगी हुई थी। जिसके चलते गंभीर घायल युवक को समय पर उपचार नहीं मिल सका। इस घटना के बाद आक्रोशित युवाओं ने जिला अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सांची निवासी पत्रकार दीपक सोनी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव और एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय पर एम्बुलेंस और उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो युवक की जान बचाई जा सकती थी। घटना से नाराज हिंदू युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने संगठन अध्यक्ष दीपक ठाकुर के नेतृत्व में जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस नारेबाजी विरोध प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने जमकर नारेबाजी की और स्वास्थ्य विभाग अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आम जनता की सुविधा के लिए उपलब्ध एम्बुलेंस को वीआईपी ड्यूटी में लगाना सरासर गलत है और यह सीधे-सीधे लोगों की जान से खिलवाड़ है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सिविल सर्जन डॉ. यशपाल सिंह बाल्यान पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और उनके तत्काल निलंबन की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे और आक्रोशित युवाओं को समझाइश दी। उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल धरना समाप्त कर दिया।लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला अस्पताल में संसाधनों की कमी और व्यवस्थाओं की अनदेखी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 15/04/2026