क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


- इंदौर में 12 अस्पतालों में मेडिकल जांच की सुविधा, बैंक काउंटरों पर सुबह से लगी भक्तों की कतार इंदौर (ईएमएस)। बाबा अमरनाथ की पवित्र तीर्थ यात्रा के लिए पंजीयन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। इंदौर में पहले ही दिन शिवभक्तों का भारी उत्साह देखने को मिला। शहर के निर्धारित बैंक केंद्रों और स्वास्थ्य जांच के लिए चिह्नित अस्पतालों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा, जहाँ लोग कतारों में लगकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते नजर आए। एमजी रोड स्थित जम्मू एंड कश्मीर बैंक में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रतीक्षा की लंबी घड़ियों के बीच श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के भजन गाते और जयकारे लगाते नजर आए, जिससे माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। यात्रा के लिए अनिवार्य मेडिकल सर्टिफिकेट प्राप्त करने हेतु लाल अस्पताल सहित शहर के अन्य केंद्रों पर भी भारी भीड़ रही। प्रशासन ने इंदौर में मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के लिए 12 अस्पतालों को अधिकृत किया है, जहाँ गहन स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात ही प्रमाण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। यात्रा नियमों के अनुसार, केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के व्यक्ति ही इस कठिन तीर्थ यात्रा के लिए पात्र हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही यात्रियों को उनकी पसंद के अनुसार पहलगाम या बालटाल मार्ग के लिए यात्रा परमिट जारी किए जा रहे हैं। इंदौर और इसके समीपवर्ती क्षेत्रों से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा पर जाते हैं। पंजीयन की सुविधा ऑनलाइन माध्यम के साथ-साथ निर्धारित बैंकों में भी उपलब्ध कराई गई है। पंजीकरण के पहले दिन अत्यधिक भीड़ रही, हालांकि आने वाले दिनों में व्यवस्था और सुगम होने की संभावना है। - प्रकाश/15 अप्रैल 2026