क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले के फगुरम थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने एक मासूम की जान ले ली। 8 वर्षीय बच्ची रिद्धिमा निराला की सड़क किनारे खड़े रहने के दौरान क्रेटा कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। मिली जानकारी के अनुसार, सारसकेला निवासी रिद्धिमा निराला सड़क के पास खड़ी थी, तभी फगुरम निवासी अप्पू अग्रवाल की क्रेटा कार (क्रमांक CG BD 8433), जिसे चालक शत्रुघन यादव चला रहा था, ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार, घटना की खबर फैलते ही सारसकेला और फगुरम के करीब 150 से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची का शव भदरी चौक के पास सड़क पर रखकर खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर 30 से अधिक हाइवा, बस और अन्य वाहन फंस गए। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। आरोप है कि लोगों ने कार मालिक के घर का घेराव कर पथराव भी किया। सामने आए वीडियो में कुछ लोग कार पर चढ़कर तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अप्रैल 2026