राज्य
16-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली पुलिस ने चीनी टेलीग्राम चैनल से जुड़े एक बड़े साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इसमें एक बैंक रिलेशनशिप मैनेजर और चाचा-भतीजे सहित तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं। यह गिरोह भारतीयों के बैंक खाते खाली करने के लिए एपीके फाइल भेजता था और पकड़े गए आरोपी म्यूल खाते उपलब्ध कराते थे। चीन में बैठे ठगों के टेलीग्राम चैनल से जुड़े साइबर ठग गिरोह का पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर समेत चाचा-भतीजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। विदेशी ठग चीन में बैठकर भारतीयों के वॉट्सएप, फेसबुक व इंस्टाग्राम पर एपीके फाइल (एंड्राइड पैकेज किट) भेजकर बैंक खाते खाली कर रहे थे। पकड़े गए ठग अपने विदेशी आकाओं को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध करवा रहे थे। आरोपियों की पहचान रिलेशनशिप मैनेजर व बिहार के गया निवासी फ्रांशु कुमार, मेरठ के सरधना स्थित छुर गांव निवासी शौकिन व इसके भतीजे शाहरुख के रूप में हुई है। ढाई माह में इस गिरोह ने करीब 50 लोगों को अपना शिकार बनाते हुए एक करोड़ रुपये की ठगी की है। ठगी की रकम क्रिप्टोकरेंसी के जरिये चीन के ठगों को भेजी जा रही थी। पुलिस ने इनके पास से कई म्यूल बैंक खाते व एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि ठगी की रकम दिल्ली के मयूर विहार फेज-एक स्थित सिटी यूनियन बैंक के एक संदिग्ध बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एसआई अमन, एएसआई महेश, कांस्टेबल सरिता की एक टीम बनाई गई। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/अप्रैल /2026