राज्य
16-Apr-2026


गौसेवकों में आक्रोश : तत्वों पर कार्यवाही की मांग जबलपुर, (ईएमएस)। पनागर थानांतर्गत खजरी खिरिया बाईपास क्षेत्र में स्थित मां नर्मदा गौशाला परिसर में बुधवार को मांस के अवशेष और शराब की खाली बोतलें बिखरी हुई मिलीं जिससे गौसेवकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। इस मामले में गौशाला की संचालिका प्रीति पटेल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि क्षेत्र के कुछ रसूखदार दबंग और अवैध कब्जाधारी पिछले लंबे समय से गौशाला की गतिविधियों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं और अब उनकी प्रताड़ना का स्तर इतना बढ़ गया है कि वे परिसर में प्रतिबंधित वस्तुएं फेंककर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास कर रहे हैं। संचालिका के मुताबिक जब उन्होंने इन हरकतों का विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने न केवल उनके साथ अभद्रता की बल्कि गौशाला पर पथराव भी किया जिससे वहां मौजूद गायों और सेवादारों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है । संचालिका का आरोप है कि ये असामाजिक तत्व चाहते हैं कि डर के मारे गौशाला को बंद कर दिया जाए ताकि वे आसपास की बेशकीमती भूमि पर अपना अवैध कब्जा जमा सकें। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और गौरक्षकों की भीड़ मौके पर जमा हो गई जिन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और गौशाला को स्थाई सुरक्षा प्रदान करने की मांग की । प्रीति पटेल ने पुलिस को बताया कि वे लगातार गौवंश की रक्षा के लिए समर्पित हैं लेकिन दबंगों के बढ़ते हौसलों के कारण अब वहां काम करना दूभर होता जा रहा है और आए दिन होने वाले पथराव से गौशाला की संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गौशाला को सुरक्षा नहीं मिली और आरोपियों परी सख्त कार्यवाही नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पनागर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी असामाजिक तत्व को क्षेत्र की शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अजय पाठक / मोनिका / 16 अप्रैल 2026/ 02.44