राज्य
16-Apr-2026
...


- लग्जरी फ्लैट पर छापेमारी में MD ड्रग्स, कोकीन, हाइब्रिड गांजा और विदेशी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार बड़ी सफलताएँ हासिल कर रही है। इसी क्रम में अहमदाबाद की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अहमदाबाद के बोपल क्षेत्र स्थित आरोही विविआना के बी-1203 फ्लैट में पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान फ्लैट से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और शराब बरामद की गई। छापेमारी में पुलिस को लगभग 102.05 ग्राम एमडी ड्रग्स, 46.64 ग्राम हाइब्रिड गांजा, 8.88 ग्राम कोकीन, 6 विदेशी शराब की बोतलें और 24 बीयर के टीन मिले। जब्त किए गए सभी सामान की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी 42 वर्षीय निशांत भानुभाई सोलंकी को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से राजकोट के कालावड रोड स्थित ज्योति नगर का रहने वाला है और वर्तमान में बोपल के इसी फ्लैट में रह रहा था। जांच में कुछ अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनमें रिक, सैंड्रा, घोस्ट और अजय पटेल जैसे संदिग्ध शामिल हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की विभिन्न धाराओं सहित प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच अब बोपल पुलिस और अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूछताछ जारी है, और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियाँ संभव हैं। - सतीश/16 अप्रैल