व्यापार
16-Apr-2026
...


सेंसेक्स 122, निफ्टी 34 अंक फिसला मुंबई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट अंतराराष्ट्रीय बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही ही बिकवाली हावी रहने से आई है। मध्यपूर्व में तनाव से भी बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। आज कारोबार के दौरान प्रमुख बेंचमार्कों में हल्की गिरावट रही। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 122.56 अंक फिसलकर 77,988.68 पर था, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 34.55 अंक नीचे आकर 24,196.75 पर बंद हुआ। वहीं व्यापक बाजारों ने बेंचमार्क सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप में 0.63 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.89 फीसदी की तेजी रही। निफ्टी मेटल में 1.53 प्रतिशत की तेजी और निफ्टी आईटी में 0.88 फीसदी की तेजी रही जबकि निफ्टी मीडिया, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी एफएमसीजी में भी तेजी रही जबकि निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी ऑटो और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी। निफ्टी में सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक, ओएनजीसी, एचडीएफसी लाइफ, टाइटन, एमएंडएम, भारती एयरटेल और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों को हुआ जबकि अदाणी एंटरप्राइजेज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अदानी पोर्ट्स और बीईएल के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत को लेकर जारी आशंकाओं से भी निवेशकों में घबराहट का माहौल है जिससे वे बाजार से दूर बने हुए हैं। हालांकि विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की खरीदारी और भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों से भी बाजार धारणा मजबूत हुई है जिससे गिरावट पर अंकुश लगाने का काम किया है। इससे पहले आज सुबह वैश्विक बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के बीच बाजार की सकारात्मक शुरुआत हुई। सुबह सेंसेक्स 78,677 के स्तर पर खुला । वहीं ‎निफ्टी भी मजबूती के साथ 24,385 के स्तर पर खुला पर समय के साथ ही दोनो सूचकांकों में गिरावट आने लगी। ईएमएस 16 अप्रैल 2026