व्यापार
16-Apr-2026
...


- सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24300 के पार मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान में रहे। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी का माहौल देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 78,677 के स्तर पर खुला, जो पिछले कारोबारी दिन के 78,111 के बंद स्तर से काफी ऊपर है। सुबह 9:23 बजे तक सेंसेक्स 531.64 अंक की बढ़त के साथ 78,642.88 पर कारोबार करता दिखा। इसी तरह ‎निफ्टी 50 भी मजबूती के साथ 24,385 के स्तर पर खुला। सुबह 9:24 बजे तक निफ्टी 152.50 अंक यानी 0.63 फीसदी चढ़कर 24,383.80 पर पहुंच गया था। बाजार की इस तेजी के पीछे कई अहम कारण हैं। सबसे बड़ा फैक्टर वैश्विक संकेतों का सकारात्मक रहना है। खासतौर पर यूनाईटेड स्टेट और ईरान के बीच तनाव में आई कमी ने निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूत किया है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्थिरता आई, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। इसके अलावा आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है, जिससे बाजार को अतिरिक्त सहारा मिला। निवेशकों का रुझान इन सेक्टर्स की ओर बढ़ने से प्रमुख सूचकांकों में मजबूती बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक परिस्थितियां इसी तरह अनुकूल बनी रहीं और सेक्टर-आधारित खरीदारी जारी रही, तो बाजार में आगे भी सकारात्मक रुख देखने को मिल सकता है। फिलहाल निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आ रहा है और बाजार में उत्साह बना हुआ है। सतीश मोरे/16अप्रैल ---