:: जूनियर बालिका वर्ग के रोमांचक सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में पहुंचा तमिलनाडु, बंगाल ने दिल्ली को दी मात :: देहरादून (ईएमएस)। देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय हॉल में जारी 87वीं इंटर-स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला शुक्रवार को दो दिग्गज टीमों - शीर्ष वरीय तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के बीच खेला जाएगा। गुरुवार को आयोजित अंडर-19 बालिका टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबलों में जहां तमिलनाडु को जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा, वहीं बंगाल ने सीधे मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की। सांस रोक देने वाले पहले सेमीफाइनल में तमिलनाडु ने महाराष्ट्र को 3-2 से पराजित किया। मुकाबले की शुरुआत में तमिलनाडु को उस समय झटका लगा जब अनन्या मुरलीधरन को महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक के हाथों 8-11, 11-4, 5-11, 11-5, 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, एम. हंसिनी ने अगले रबर में हर्दी पटेल को 11-13, 11-8, 11-9, 7-11, 11-9 से हराकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। तीसरे मैच में श्रेया आनंद ने स्वरा कर्मकार को 13-11, 6-11, 11-2, 11-13, 11-5 से मात देकर तमिलनाडु को बढ़त दिलाई, लेकिन महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने एम. हंसिनी को 11-5, 5-11, 11-6, 11-7 से हराकर मुकाबला फिर निर्णायक मोड़ पर ला खड़ा किया। अंततः अनन्या मुरलीधरन ने जिम्मेदारी संभालते हुए हर्दी पटेल को 11-6, 11-9, 11-7 से शिकस्त देकर अपनी टीम को खिताबी दौड़ में बनाए रखा। दूसरे सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल ने दिल्ली को 3-0 से हराकर फाइनल का सफर तय किया। बंगाल की सिंड्रेला दास ने सयनिका माजी को 9-11, 11-6, 11-5, 11-6 से हराया, जबकि अविशा कर्मकार ने वंशिका मुदगल के खिलाफ पांच गेमों के संघर्ष में 11-8, 2-11, 11-7, 11-13, 11-5 से जीत दर्ज की। टीम की जीत पर अंतिम मुहर दित्सा रॉय ने लगाई, जिन्होंने रिद्धिमा कपूर को 11-3, 7-11, 14-16, 11-5, 11-6 से पराजित किया। इससे पूर्व क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में तमिलनाडु ने गुजरात, दिल्ली ने कर्नाटक और बंगाल ने उत्तर प्रदेश को समान 3-1 के अंतर से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया था। वहीं, मेजबान उत्तराखंड का सफर एनसीओई के हाथों 0-3 की हार के साथ समाप्त हो गया। अब शुक्रवार को होने वाले महामुकाबले में दोनों शीर्ष टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। प्रकाश/16 अप्रैल 2026