खेल
16-Apr-2026


:: सभी आयु वर्गों में होंगे मुकाबले, विजेता खिलाड़ियों पर होगी नकद पुरस्कारों की वर्षा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए सत्र की पहली अग्निपरीक्षा आगामी 21 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रथम जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा के मुकाबले अभय प्रशाल में खेले जाएंगे। संगठन के सचिव नीलेश वेद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में पुरुष एवं महिला एकल के साथ-साथ सभी आयु वर्गों के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए भी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विजेताओं और उपविजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार राशि और ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। :: ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे प्रविष्टियां :: स्पर्धा का सफल संचालन प्रशांत व्यास और नवीन सोनी द्वारा किया जाएगा। टूर्नामेंट में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन माध्यम से स्पोर्ट्स झेन ऐप पर दर्ज करा सकते हैं। प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल, शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। शहर के खिलाड़ियों के लिए अपनी रैंकिंग सुधारने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का यह एक बेहतरीन अवसर होगा। प्रकाश/16 अप्रैल 2026