व्यापार
17-Apr-2026


- बाजार ‎विशेषज्ञों का अनुमान, 21,000-22,000 का स्तर अहम नई दिल्ली (ईएमएस)। शेयर बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है। ऐसे में यह सवाल अहम हो गया है कि क्या बाजार अपने निचले स्तर (बॉटम) पर पहुंच गया है या अभी और गिरावट बाकी है। इस पर आशिका ग्लोबल फैमिली ऑफिस सर्विसेज के को-फाउंडर अमित जैन का मानना है कि भारतीय बाजार काफी हद तक अपने बॉटम के करीब पहुंच चुका है, हालांकि अमेरिकी बाजारों से कुछ असर दिख सकता है। उन्होंने निवेशकों को सोच-समझकर, धीरे-धीरे निवेश करने की सलाह दी है। एक बाजार ‎विशेषज्ञ के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार काफी हद तक अपने निचले स्तरों के करीब पहुंच गया है और 21,000-22,000 का स्तर बाजार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, उन्होंने यह भी आगाह किया कि अमेरिकी बाजारों में अभी कुछ और गिरावट संभव है, जिसका प्रभाव भारतीय बाजार पर भी देखा जा सकता है। निवेश की नई रणनीति निवेश रणनीति पर जैन ने स्पष्ट किया कि यह समय एकमुश्त बड़े निवेश का नहीं है। निवेशकों को धीरे-धीरे, अच्छी गुणवत्ता वाले शेयरों में पैसा लगाना चाहिए। उनका सुझाव है कि कुल निवेश का लगभग 40 फीसदी हिस्सा अभी लगाया जा सकता है, जबकि बाकी पूंजी को बाजार की चाल और सुधार देखकर निवेश किया जाए। बाजार ‎विशेषज्ञ आईटी सेक्टर को लेकर काफी सकारात्मक बताते हैं। वे इसे एक रिवर्सल ट्रेड मानते हैं, जहां भविष्य में अच्छी वापसी की उम्मीद है। जोखिम कम करने के लिए वे सीधे शेयरों के बजाय बैंक, बीईईएस, आईटी ईटीएफ और पीएसयू बैंक ईटीएफ जैसे फंड्स को बेहतर विकल्प बताते हैं। पोर्टफोलियो में 20 फीसदी हिस्सा सोने में रखने की सलाह भी दी गई है, ताकि यह मुश्किल समय में एक सुरक्षा कवच का काम कर सके। छोटे निवेशकों को आगाह करते हुए, उन्होंने ऐसे माइक्रो कैप स्टॉक्स से दूर रहने को कहा जो केवल आत्म-संतोष देते हैं लेकिन पोर्टफोलियो में बड़ा योगदान नहीं करते। उन्होंने जोर दिया कि केवल सही निवेश करना ही काफी नहीं, बल्कि सही समय पर स्विच करना भी महत्वपूर्ण है। सतीश मोरे/17अप्रैल ---