खेल
17-Apr-2026


बचे हुए स्थानों के लिए पांच टीमों में है मुकाबला मुमबई (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19 वें सत्र में अभी तक सभी टीमों ने पांच-पांच मुकाबले खेल लिए है। इससे प्लेऑफ को लेकर कुछ-कुछ तस्वीर साफ होने लगी है। अब तक पंजाब किंग्स एक भी मैच नहीं हारी है और 9 अंक लेकर प्लेऑफ की दौड़ में सबसे आगे है। उसका एक मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अपने-अपने चार-चार मुकाबले जीते हैं और 8-8 अंक लेकर प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं। आरसीबी नेट रन रेट के मामले में आगे होने के कारण प्लेऑफ में पहुंचने की दूसरी बड़ी दावेदार है , वहीं रॉयल्स तीसरी। लीग में हिस्सा ले रही सभी दस टीमें 14-14 लीग मैच खेलेंगी और इनमें से शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह बनाएंगी। कुछ टीमें ऐसी हैं जिन्होंने सत्र के शुरुआती चरण में ही दमदार खेल दिखाकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी दावेदारी को मजबूत कर लिया है वहीं कुछ को अभी लंबा रास्ता तय करना है। वहीं आईपीएल के नियमों के अनुसार, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आमतौर पर किसी भी टीम को लीग स्टेज में कम से कम आठ मैच जीतने होते हैं, जिससे उनके 16 अंक हो जाते हैं और वे नेट रन रेट के फेर में नहीं फंसती पर कुछ मामलों में सात जीत के साथ 14 अंक होने पर भी बेहतर रन रेट के आधार पर प्लेऑफ में जगह मिल सकती है। पंजाब किंग्स प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे दिखाई दे रही है। वहीं आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। यदि ये शीर्ष तीन टीमें अपनी मौजूदा लय बरकरार रखती हैं, तो प्लेऑफ में उनकी जगह लगभग पक्की मानी जा सकती है। ऐसे में, अंतिम दो प्लेऑफ स्थानों के लिए पांच टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स – ये पांचों टीमें इस समय चार-चार अंकों के साथ मध्य तालिका में हैं। इन टीमों को अब अपनी जीत की लय को बनाए रखना होगा और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि एक भी हार उन्हें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर सकती है। वहीं, टूर्नामेंट में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मुंबई इंडियंस के लिए प्लेऑफ में पहुंचना कठिन है। केकेआर अभी तक एक भी जीत हासिल नहीं कर पायी है, जबकि मुंबई इंडियंस भी लगातार हारी है उसे एक ही मैच में जीत मिली है। उसके अभी सिर्फ दो अंक हैं। इन दोनों टीमों को अब अपने बचे हुए नौ मैचों में से कम से कम छह से सात मैच जीतने होंगे, और वह भी बेहतर नेट रन रेट के साथ, ताकि वे प्लेऑफ की दौड़ में वापस आ सकें। ईएमएस 17 अप्रैल 2026