नई दिल्ली (ईएमएस)। जहां झुग्गी वहीं मकान-इनसिटू परियोजना के अंतर्गत बनाए गए स्वाभिमान अपार्टमेंट में रहने वालों की क्या परेशानी है और क्या वे इन मकानों में रहकर खुश हैं तथा किस तरह की स्थिति अपार्टमेंट्स में है। कुछ इन्हीं बातों को एलजी तरनजीत सिंह संधू ने लोगों के साथ बातचीत में जाना। स्वाभिमान अपार्टमेंट्स के निवासियों ने भी जमकर अपने दिल की बात एलजी संधू से साझा की और पीएम मोदी व भाजपा सरकार की प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झुग्गी-झोपड़ी क्लस्टरों में रहने वालों के लिए 1,675 नए बने फ्लैटों का उद्घाटन किया और दिल्ली के अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट्स में पात्र लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपीं। डीडीए का दावा है कि इन फ्लैटों के उद्घाटन के साथ ही दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की दूसरी सफल इन-सीटू स्लम पुनर्वास परियोजना पूरी हो गई। इनसिटू परियोजना में देश भर में इसी तरह की अन्य आवास पहलों के लिए एक आदर्श मॉडल बनने की क्षमता है, जो एक विकसित दिल्ली और विकसित भारत बनाने के व्यापक सपने को साकार करने में अपना योगदान देगी। एलजी संधू ने वीरवार को अपार्टमेंट्स के लोगों से मुलाकात में वहां रहने की स्थितियों, नागरिक सुविधाओं और रखरखाव के बारे में सीधेतौर पर फीडबैक लिया।उन्होंने लोगों की परेशानी को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। ताकि निवासियों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और अच्छी तरह से रखरखाव वाला रहने का माहौल मिल सके। संधू ने डीडीए के जेलरवाला बाग, अशोक विहार में बनाए गए स्वाभिमान अपार्टमेंट्स का दौरा किया और नागरिक-केंद्रित शासन की बात को ध्यान में रखते हुए स्थानीय निवासियों से बातचीत की। इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने उन्हें अनौपचारिक बस्तियों से निकालकर बेहतर नागरिक सुविधाओं वाले पक्के घरों में बसने का मौका दिया। लोगाें ने कुछ फ्लैटों में सीलन, कूड़ा प्रबंधन, कुछ टाॅवरों में लिफ्ट के ठीक से काम न करने और इलाके में शरारती तत्वों की वजह से होने वाली समस्याओं को लेकर भी अपनी चिंता जहिर की। जिस पर एलजी संधू ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इस मामले में तुरंत निर्देश देते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए भी कहा। उन्होंने डीडीए, ज़िला प्रशासन और दिल्ली पुलिस को साफ़ निर्देश दिए कि वे इन चिंताओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें और यह सुनिश्चित करें कि निवासियों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और अच्छी तरह से रखरखाव वाला रहने का माहौल मिले। एलजी ने कहा कि स्वाभिमान अपार्टमेंट्स एक परिवर्तनकारी बुनियादी ढांचे का प्रतीक हैं और खराब रखरखाव की वजह से ऐसी ऐतिहासिक पहलों की अहमियत कम नहीं होनी चाहिए। बताया जाता है कि यह परियोजना उन प्रमुख आवास पहलों में से एक है, जिसका मकसद प्रधानमंत्री के जहां झुग्गी, वहीं मकान के सपने को साकार करना है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/ अप्रैल /2026