राज्य
17-Apr-2026


पलामू(ईएमएस)।पलामू जिले के नावाबाजार और पांडू प्रखंड के निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नावाबाजार प्रखंड के बरहमोरिया मोड़ से पांडू प्रखंड के कजरू कला गांव होते हुए दुर्गा माइंस रोड तक जाने वाली अत्यंत जर्जर सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल गयी है।पलामू सांसद वीडी राम के सतत और अथक प्रयास के बाद भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआइएफ) के तहत इस परियोजना को हरी झंडी दे दी है।सांसद विष्णु दयाल राम के निजी सचिव अलख दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण सड़क की लंबाई 23.615 किलोमीटर है।इसके निर्माण और चौड़ीकरण पर कुल 103.608 करोड़ रुपये (एक सौ तीन करोड़ साठ लाख अस्सी हजार रुपये) खर्च किये जायेंगे।उन्होने बताया कि सांसद वीडी राम की अनुशंसा पर केंद्र सरकार ने इस बड़ी योजना को स्वीकृति प्रदान की है।उल्लेखनीय है कि यह सड़क पिछले काफी समय से जर्जर हाल में थी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सड़क के पक्कीकरण और चौड़ीकरण की मांग कर रही थी।इस सड़क के बन जाने से नावाबाजार और पांडू प्रखंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों का सफर सुगम हो जायेगा।सड़क निर्माण से न केवल यातायात की समस्या दूर होगी, बल्कि इस ग्रामीण इलाके में आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। सांसद वीडी राम ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति पलामू की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है।सांसद के प्रयास से अति पिछडा क्षेत्र में विकास के गति तेज होगी। सड़क का निर्माण हो जाने से इस क्षेत्र के आदिवासी, आदिम जनजाति परहिया परिवार एवं पिछड़ा वर्ग जैसे लोगों का विकास होगा।सड़क निर्माण हो जाने से तीन नावाबाजार, पांडू व विश्रामपुर प्रखंड के दूरी कम हो जायेगी।साथ ही सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विकास के गति तेज हो जायेगी. सड़क की स्वीकृत मिलने पर नावा बाजार मंडल अध्यक्ष महादेव प्रसाद यादव समेत कई भाजपाईयों ने सांसद के प्रति आभार प्रकट किया है। कर्मवीर सिंह/17अप्रैल/26