धनबाद(ईएमएस)।वासेपुर के गुलजारबाग इलाके में बन रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान एक गंभीर हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में मजदूर मोहम्मद मासूम का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने मानवता दिखाते हुए घायल को तुरंत शहर के असर्फी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य कर रही कंपनी सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है। स्थानीय समाजसेवी जूली परवीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और ओवरब्रिज का काम तुरंत बंद करवा दिया।ग्रामीणों का कहना है कि जिस क्षेत्र में यह निर्माण कार्य हो रहा है, वह घनी आबादी वाला इलाका है। यहां छोटे-छोटे बच्चे भी खेलते रहते हैं, बावजूद इसके कंपनी द्वारा किसी भी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने यह भी बताया कि सड़क के दूसरे हिस्से में कंपनी द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है, लेकिन जहां आबादी अधिक है, वहां लापरवाही बरती जा रही है।घटना के बाद कंपनी के कर्मचारी और प्रबंधक काम छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। स्थानीय ग्रामीणों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि जब तक निर्माण कार्य पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ नहीं किया जाएगा, तब तक काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। कर्मवीर सिंह/17अप्रैल/26