राज्य
17-Apr-2026


:: प्रदेश में 47.68 लाख आवेदनों का हुआ समयबद्ध समाधान, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग रहे आगे :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संकल्प से समाधान अभियान की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना सुनिश्चित किया गया है। 12 जनवरी से 31 मार्च के बीच चले इस विशेष अभियान में राज्य स्तर पर प्राप्त कुल 47.69 लाख आवेदनों में से 47.68 लाख (99.9 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान को चार चरणों में ग्राम, वार्ड, ब्लॉक और जिला स्तर पर संचालित किया गया। कुल 3,659 शिविरों के माध्यम से शिकायतों का संकलन और मौके पर ही समाधान किया गया। पारदर्शिता के लिए सीएम हेल्पलाइन के विशेष डैशबोर्ड से इसकी सतत मॉनिटरिंग की गई। :: इन सेवाओं में हुआ रिकॉर्ड कार्य :: राजस्व : खसरा-खतौनी की प्रतिलिपि के सर्वाधिक 8.71 लाख आवेदनों में से 8.69 लाख का निराकरण। स्वास्थ्य : आयुष्मान भारत योजना के 5.77 लाख में से 5.62 लाख प्रकरण हल। आवास : ग्रामीण क्षेत्रों में भवन निर्माण अनुज्ञा के 3.64 लाख में से 3.59 लाख आवेदनों का निराकरण। पेंशन : वृद्धावस्था पेंशन के 1.63 लाख में से 1.52 लाख हितग्राहियों को लाभ। :: विभागों का प्रदर्शन रहा अव्वल :: प्रकरणों के समाधान में राजस्व विभाग 99.42%, सामान्य प्रशासन 99.17% और सहकारिता विभाग 98.63% के साथ अग्रणी रहे। इसके अलावा नगरीय विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और महिला एवं बाल विकास विभागों ने भी 97 प्रतिशत से अधिक का स्ट्राइक रेट प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान ने जनोन्मुखी प्रशासन को सुदृढ़ आधार प्रदान किया है। प्रकाश/17 अप्रैल 2026