राज्य
17-Apr-2026
...


:: अवैध संबंध और पुरानी रंजिश में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी साजिश :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के राऊ थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल की रात हुई नवीन पाटीदार की संदिग्ध मौत का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जो मामला सड़क दुर्घटना लग रहा था, वह वास्तव में एक सोची-समझी निर्मम हत्या निकली। पुलिस ने इस मामले में उज्जैन के एक सूचीबद्ध बदमाश सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की है। घटना का खुलासा तब हुआ जब अस्पताल में डॉक्टरों ने मृतक के शव का परीक्षण किया और उसकी गर्दन के पीछे एक बुलेट फंसी हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने सूक्ष्मता से घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहाँ उन्हें खाली कारतूस मिले। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से साफ हुआ कि दो बाइक सवारों ने नवीन की गर्दन के पीछे सटाकर गोली मारी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर जब आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो भागने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल खंभे से टकरा गई, जिससे तीन आरोपी घायल हो गए। फिलहाल उनका एमवाय अस्पताल में उपचार चल रहा है। :: पत्नी और प्रेमी ने रची थी मौत की साजिश :: पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि हत्या की इस वारदात के पीछे अवैध संबंध और पुरानी रंजिश का दोहरा खेल था। मुख्य साजिशकर्ता राहुल उइके (फरार) और मृतक नवीन के बीच पुरानी दुश्मनी थी, क्योंकि नवीन ने पहले एक मामले में राहुल की मुखबिरी कर उसे जेल भिजवाया था। इसी बीच राहुल के मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध बन गए। दोनों ने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मुकेश कुमावत नामक बदमाश को हत्या की सुपारी दी। मुकेश ने अपने दो अन्य साथियों, अजय धोलपुरिया और श्रीराम बलाई के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मुकेश कुमावत के विरुद्ध हत्या, हत्या का प्रयास और अवैध हथियार जैसे कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इस पूरी साजिश में मृतक की पत्नी की भूमिका भी उजागर हुई है, जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस उत्कृष्ट कार्रवाई में राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर और उनकी टीम के साथ टेक्निकल सेल के जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी राहुल उइके की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रकाश/17 अप्रैल 2026