राज्य
17-Apr-2026


:: स्टॉक मार्केट में ऊंचे रिटर्न का लालच देकर की 93 लाख की धोखाधड़ी; आरोपी 1-2 प्रतिशत कमीशन पर उपलब्ध कराते थे डमी बैंक खाते :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इंदौर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह वॉट्सऐप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था, जिसका संचालन कंबोडिया से किया जा रहा था। पकड़े गए आरोपी ठगी की रकम को खपाने के लिए म्यूल अकाउंट्स (डमी खाते) उपलब्ध कराते थे। भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्टॉक मार्केट में ऊंचे मुनाफे का लालच देकर उससे 93 लाख रुपये ठग लिए गए। फरियादी को एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर एक फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड कराई गई थी। ऐप पर उसे दिखाया गया कि उसके निवेश पर 4 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है, लेकिन जब उसने राशि निकालने का प्रयास किया, तो वह असफल रहा। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस उपायुक्त आनंद कलादगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विशाल चौहान (25), गणेश राव (23), रश्मि रंजन (24), आशीष पंवार (41) और नैवेद्य सिरोंजा (20) शामिल हैं। ये आरोपी महज 1 से 2 प्रतिशत कमीशन के बदले गिरोह को डमी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने गिरोह के करीब 20 से 25 बैंक खातों का पता लगाया है, जिनमें होने वाले लेनदेन को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में से विशाल और गणेश महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, जबकि रश्मि रंजन ओडिशा का निवासी है। आशीष और नैवेद्य मध्य प्रदेश के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब इनके अन्य संपर्कों और कंबोडिया में बैठे मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान वॉट्सऐप ग्रुप या अधिक मुनाफे का लालच देने वाली फर्जी निवेश एप्लीकेशनों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर सेल को दें। प्रकाश/17 अप्रैल 2026