रायगढ़(ईएमएस)। जिले में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत लाभान्वित बच्चों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम जिला बाल संरक्षण इकाई, मिशन वात्सल्य कार्यालय में संपन्न हुआ। इस योजना के तहत उन बच्चों को सहायता प्रदान की जाती है, जिन्होंने कोविड काल में अपने माता-पिता को खो दिया है। ऐसे बच्चों को 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसी राशि के सही प्रबंधन और उपयोग को लेकर बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में जिले के चार लाभार्थी आशा चौहान, देवमती राठिया, मनीषा राठिया और साहिल उरांव शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान बैंकिंग और निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। अग्रणी बैंक प्रबंधक कमल किशोर सिंह ने बच्चों को सुरक्षित निवेश के विकल्पों जैसे फिक्स्ड डिपॉजिट, मंथली इनकम प्लान और बीमा योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव और हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी भी साझा की। वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता राज कुमार शर्मा ने बजट बनाने, खर्चों के प्रबंधन, जरूरी दस्तावेजों की गोपनीयता और साधारण व चक्रवृद्धि ब्याज के बीच अंतर को सरल तरीके से समझाया। इसके अलावा अखिलेश बरेठ ने साइबर सुरक्षा से जुड़े वीडियो के माध्यम से बच्चों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिससे वे डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रह सकें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026