जांजगीर(ईएमएस)। जिले के पामगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम नंदेली में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए खेत की मेढ़ पर लगे वर्षों पुराने अर्जुन (कहवा) के हरे-भरे पेड़ को बिना अनुमति काट दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदेली खार स्थित करीब 1.50 एकड़ कृषि भूमि की मेढ़ पर अर्जुन का विशाल और जीवित पेड़ मौजूद था। यह पेड़ औषधीय गुणों से भरपूर माना जाता है और शासन के नियमों के तहत इसकी कटाई पर प्रतिबंध है। आरोप है कि गांव के ही प्रदीप धीवर (पिता राजेन्द्र धीवर) ने बिना किसी शासकीय अनुमति के मशीन का उपयोग कर पेड़ को काट दिया। नियमों के मुताबिक, इस तरह के कीमती और संरक्षित पेड़ों को काटने से पहले राजस्व विभाग से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होता है, जो इस मामले में नहीं ली गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम पामगढ़ को आवेदन सौंपकर मामले की जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासन की ओर से इस मामले में जांच की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026