क्षेत्रीय
18-Apr-2026


जांजगीर(ईएमएस)। जिले में भ्रष्टाचार और सरकारी कार्यों में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जनपद पंचायत जैजैपुर की ग्राम पंचायत पिसौद की सचिव लीला कमलेश को निलंबित कर दिया है। मामला जिला खनिज न्यास संस्थान (DMF) मद से स्वीकृत सीसी रोड निर्माण में अनियमितता और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़ा है। यह कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के औचक निरीक्षण के बाद की गई। 10 अप्रैल को निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सीसी रोड का निर्माण बेहद घटिया स्तर का है और निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क उखड़ने लगी थी। जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का गंभीर उल्लंघन किया गया। सबसे चौंकाने वाला खुलासा गुणवत्ता प्रमाण पत्र को लेकर हुआ। गुण नियंत्रण उप इकाई, केंद्रीय प्रयोगशाला सक्ती के नाम से 6 नवंबर 2025 को जारी किया गया प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसी आधार पर कार्य को सही बताकर सरकारी राशि आहरण करने की कोशिश की गई थी। जांच दल ने स्पष्ट किया कि तकनीकी मानकों की अनदेखी कर सरकारी धन के दुरुपयोग की मंशा दिखाई दे रही थी। निलंबन से पहले सचिव लीला कमलेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 13 अप्रैल को दिए जवाब में उन्होंने कहा कि सड़क के क्षतिग्रस्त होने का कारण रेत ढोने वाले ट्रैक्टरों का दबाव है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि एसडीओ के मार्गदर्शन में मरम्मत कराकर 20 प्रतिशत भुगतान लिया गया। हालांकि, सीईओ वासु जैन ने सचिव के तर्कों को अस्वीकार करते हुए इसे सरकारी कार्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और आदेशों की अवहेलना माना, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026