रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत गारे गांव में अवैध रूप से डीजल भंडारण का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ढाबे के पीछे रखे 160 लीटर डीजल को जब्त किया और ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि ढाबा संचालक द्वारा ज्वलनशील पदार्थ का अवैध भंडारण किया गया है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान ढाबे के पीछे प्लास्टिक जरीकेनों में डीजल भरा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि 50-50 लीटर के दो जरीकेन और 35 व 25 लीटर क्षमता वाले अन्य जरीकेनों में कुल 160 लीटर डीजल रखा गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 हजार रुपए है। मौके पर किसी प्रकार के सुरक्षा इंतजाम नहीं पाए गए, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीजल जब्त किया और आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि डीजल कहां से लाया गया और इसका उपयोग किन उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026