जशपुर (ईएमएस)। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में 9 साल की नाबालिग बच्ची से रेप का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी 16 वर्षीय लड़के ने बर्थडे पार्टी के दौरान बच्ची को खेत में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शुक्रवार को नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है। रात पास के गांव में एक रिश्तेदार के यहां बर्थडे पार्टी चल रही थी। पीड़िता बच्ची अपने माता-पिता के साथ पार्टी में शामिल हुई थी। रात करीब 9 बजे केक खाने के बाद बच्ची पेशाब करने के लिए घर से बाहर निकली। इसी दौरान पार्टी में मौजूद 16 साल का लड़का उसे पकड़कर पास के खेत में ले गया और उसके साथ रेप किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जब बच्ची वापस लौटी तो वह रो रही थी और उसके कपड़ों पर सूखे पत्ते चिपके हुए थे। पूछताछ पर बच्ची ने पूरी घटना बताई। परिवार ने पहले गांव वालों से सलाह ली, उसके बाद उसी रात करडेगा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNSS की धारा 65(2) और POCSO एक्ट की धारा 5डी के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी लड़के को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026