अंबिकापुर (ईएमएस)। नेशनल हाईवे 130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रजपुरीकला के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, लखनपुर की ओर से तेज गति में आ रहा पल्सर बाइक सवार रजपुरीकला स्थित पेट्रोल पंप के पास अंबिकापुर की दिशा से आ रहे ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनपुर मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसके शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026