बलरामपुर (ईएमएस)। नगर पालिका में लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच राज्य शासन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रणव राय का स्थानांतरण कर दिया है। यह निर्णय उनके खिलाफ लगे गंभीर आरोपों और बढ़ते राजनीतिक विरोध के बाद लिया गया। दरअसल, CMO पर पार्षदों के साथ अभद्र भाषा के उपयोग और धमकाने के आरोप लगे थे। मामला उस समय और गरमा गया, जब एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसके बाद नगर पालिका का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। भाजपा के कई पार्षदों ने खुलकर CMO के खिलाफ विरोध जताया और उनके व्यवहार को जनप्रतिनिधियों के प्रति अपमानजनक बताया। पार्षदों का कहना था कि इस रवैये के कारण नगर पालिका का कामकाज भी प्रभावित हो रहा था। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों और शासन स्तर पर शिकायतें की गई थीं। लगातार बढ़ते दबाव और विवाद के बीच आखिरकार शासन ने कार्रवाई करते हुए CMO का तबादला कर दिया। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026