बालोद (ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप वाहन के पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। मामला झलमला–रानीमाई मोड़ के पास का है, जो जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग शादी के बाद चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। घटना में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि पिकअप वाहन में 35 से अधिक लोग सवार थे। इससे पहले महिलाओं को बस से रवाना किया गया था, जबकि कुछ लोग मेटाडोर से गए थे। बाकी परिजन पिकअप वाहन से जा रहे थे। घायल मनीष यादव और दीपक यादव ने बताया कि ड्राइवर तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। तालगांव के आगे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि कुछ के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और ड्राइवर के नशे में होने की आशंका है, जिसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। गंभीर घायलों को राजनांदगांव रेफर करने की तैयारी है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026