धमतरी (ईएमएस)। नगर निगम धमतरी में पेट्रोल पंप डीलर का करीब 33 लाख रुपए का बकाया भुगतान न होने को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भुगतान में देरी से संचालक के आर्थिक संकट में आने के आरोपों के बीच कांग्रेस पार्षदों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। नगर निगम धमतरी के सामने कांग्रेस पार्षदों ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और महापौर व निगम प्रशासन पर व्यंग्यात्मक नारे लगाए। तख्तियों पर “रामू राज का यही हाल, डीजल के बिना निगम बेहाल” जैसे संदेश लिखकर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और विशु देवांगन ने आरोप लगाया कि एक वर्ष से पेट्रोल पंप संचालक को भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि संचालक लगातार निगम कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है, लेकिन समाधान नहीं निकल रहा। वहीं पार्षद सुमन मेश्राम और योगेश लाल ने भी निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बुनियादी भुगतान ही लंबित हैं, तो बड़े विकास कार्यों के दावे पर भरोसा करना मुश्किल है। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि महापौर विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर निगम की वित्तीय स्थिति कमजोर नजर आ रही है। वहीं इस पूरे मामले ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और आर्थिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 अप्रैल 2026