राज्य
18-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने दक्षिणी दिल्ली में एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए बड़ी चालाकी से कैब में मैगी पाउच में छिपाकर ड्रग्स की सप्लाई करते थे। इनकी पहचान कालकाजी के दीपक कुमार और साकेत के मोहम्मद फरहान उर्फ सनी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 19.15 ग्राम एमडीएमए, 29 एक्स्टसी पिल्स और एमडीएमए क्रिस्टल बरामद हुई है। बरामद की गई ड्रग्स एक अफरीकी नागरिक से खरीदी गई थी, जिसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, 12 अप्रैल की देर रात मुखबिर से ड्रग्स तस्करी में शामिल गिरोह के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना पर एसीपी सतेंद्र मोहन की देखरेख में और इंस्पेक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने हरगोविंद एन्क्लेव, छतरपुर इलाके में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक वैगन-आर टैक्सी को रोका गया और आरोपित दीपक कुमार को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 25 एक्स्टसी (एमडीएमए) की गोलियां और क्रिस्टल के रूप में 14.95 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित दीपक ने बताया कि वह एक सप्लायर के लिए कूरियर का काम कर रहा था। उसकी निशानदेही पर ड्रग्स सप्लायर मोहम्मद फरहान को साकेत से दबोचा गया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपित बहुत ही गुप्त तरीके से काम कर रहे थे, बार-बार मोबाइल हैंडसेट, सिम कार्ड और लोकेशन बदलते थे, जिससे उनकी पहचान और ट्रैकिंग करना मुश्किल था। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/ अप्रैल /2026