क्षेत्रीय
18-Apr-2026
...


नागपुर, (ईएमएस)। नागपुर के उमरेड में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उसके अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में उमरेड पुलिस ने भिवापुर निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जुनैद सादिक शेख (26, निवासी कोष्टीपुरा, भिवापुर) के रूप में हुई है। पीड़ित युवती उमरेड के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले आरोपी ने युवती को स्नैपचैट पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। युवती द्वारा रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को रिश्तेदार बताया, जिससे युवती का उस पर विश्वास बढ़ गया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवती ने अपनी निजी जानकारी भी साझा की। करीब एक साल पहले आरोपी युवती से मिलने उमरेड आया और कहांडला रोड स्थित एक होटल में ले जाकर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। करीब छह महीने पहले युवती ने इस संबंध की जानकारी अपने परिवार को दी, जिसके बाद परिवार ने इस रिश्ते को नकार दिया। इसके बाद युवती ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी। युवती द्वारा संपर्क तोड़ने पर आरोपी नाराज हो गया और उसे मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने धमकी दी कि उसके पास दोनों के निजी फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वह परिवार और दोस्तों को भेजकर बदनाम कर देगा। 28 मार्च 2026 को आरोपी ने युवती को फिर से मिलने के लिए बुलाया। इसके कुछ समय बाद युवती के रिश्तेदारों को उसके स्नैपचैट आईडी से अश्लील वीडियो भेजे गए, जो थोड़ी देर बाद डिलीट कर दिए गए। इसके बाद फिर से युवती के स्नैपचैट अकाउंट से उसके अश्लील वीडियो वायरल कर दिए गए। इससे परेशान होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और जांच में यह भी सामने आया है कि उसने इस काम के लिए लैपटॉप का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(ई) और 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक धनाजी जलक कर रहे हैं। - संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस