राज्य
18-Apr-2026


* कांग्रेस प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन में बोले मेवाणी - “500 के नोटों से नहीं बिकेगा गुजरात का ज़मीर” बनासकांठा (ईएमएस)| गुजरात के काणोदरा जिला पंचायत सीट पर चुनावी माहौल अब गरमाने लगा है। कांग्रेस उम्मीदवार निशा कलबे अब्बास के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर विधायक जिग्नेश मेवाणी ने पहुंचकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। मेवाणी ने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के लोगों द्वारा उम्मीदवारों को 25-25 लाख रुपये तक की पेशकश की गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र के उम्मीदवारों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए इन प्रस्तावों को ठुकरा दिया है। अपने संबोधन में मेवाणी ने कहा कि “भाजपा के लोगों ने बहुत नोट छापे हैं। चुनाव के एक दिन पहले 500 रुपये के बंडल लेकर आएंगे और आपको खरीदने की कोशिश करेंगे। लेकिन आप उन्हें साफ कह दीजिए कि हम रविशंकर महाराज, इन्दुलाल याज्ञिक और गांधी-सर्दार के गुजरात के लोग हैं - कुछ नोटों के लिए अपना ज़मीर नहीं बेचेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि नेता जनता को सिर्फ एक दिन के लिए खरीदते हैं, लेकिन बाद में पांच साल तक जनता को ही नुकसान उठाना पड़ता है। गौरतलब है कि एक दिन पहले छापी में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के जिला प्रभारी धवल दवे ने अप्रत्यक्ष रूप से मेवाणी पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए थे और मेवाणी को “घर बैठाने” की बात कही थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। इसी बयान के जवाब में मेवाणी ने आज कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा पर उम्मीदवारों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं। स्थानीय स्वराज चुनावों के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। काणोदरा जिला पंचायत सीट को जिले की अहम सीट माना जा रहा है, जहां कांग्रेस ने निशा कलबे अब्बास को मैदान में उतारा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सीट पर चुनावी मुकाबला किस दिशा में जाता है। सतीश/18 अप्रैल