राज्य
18-Apr-2026


* एसी में शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका, तीसरे व्यक्ति को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया सुरेंद्रनगर (ईएमएस)| जिले के लींबडी शहर में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। वोरा सोसायटी स्थित एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लगने से एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति को समय रहते बचा लिया गया। फिलहाल घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय घर में कुल तीन लोग मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे। इसी दौरान दो लोग आग की चपेट में आ गए और उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि मकान के अंदरूनी हिस्से में आग तेजी से फैलने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और विधायक भी अस्पताल पहुंचे तथा पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। सतीश/18 अप्रैल