राज्य
18-Apr-2026
...


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई-नाशिक हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपति की जान चली गई। खबर है कि खारेगांव टोल नाका के पास कंटेनर और दोपहिया वाहन की टक्कर में पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कल्पेश रेवालें (30) और उनकी पत्नी मीनाक्षी रेवालें (31) के रूप में हुई है। दोनों एक निजी बैंक में कार्यरत थे। कल्पेश एचडीएफसी बैंक की अंधेरी शाखा में काम करते थे, जबकि मीनाक्षी एक्सिस बैंक की कलिना शाखा में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी की मां डोंबिवली में रहती हैं और बीमार थीं। दंपति शुक्रवार को उनसे मिलने गए थे और वहीं रुके थे। शनिवार सुबह दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी खारेगांव के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कलवा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कंटेनर चालक शिव कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। संजय/संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस