राज्य
18-Apr-2026


देहरादून (ईएमएस)। निजी स्कूलों की मनमानी, फीस बढ़ाए जाने, किताबों के दामों के बढ़ोत्तरी किए जाने एवं अभिभावकों का शोषण बंद किए जाने की मांग को लेकर डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी से मुलाकात करते हुए शीघ्र ही पब्लिक स्कूलों पर अंकुश लगाए जाने की मांग की है। इस अवसर पर डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने निजी स्कूलों की मनमानी और अनियमित फीस में वृद्धि,किताबों के रेट में मनमानी वृद्धि व साथ ही अलग अलग प्रकार की शुल्क वृद्धि के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्य शिक्षाधिकारी को ज्ञापन दिया गया और साथ ही चेतावनी दी गई है कि शीघ्र ही निजी स्कूलों के संचालकों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड एक जन-कल्याणकारी राज्य है,यहां शिक्षा को मुनाफे का जरिया बनने से रोकना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अगर जल्द से जल्द इस मामले में शासन-प्रशासन कार्रवाई नहीं की गई तो पूरा छात्रसंघ अभिभावकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि आज स्कूल संचालकों ने शिक्षा का व्यापारीकरण कर दिया है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार व्यापक स्तर पर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का शोषण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इस दौरान ज्ञापन देने वालों में मुकेश बसेरा, नितिन नेगी, सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, अभिनव कफलिया, स्वयं रावत, दक्ष रावत, आर्यन भंडारी सहित अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/18 अप्रैल 2026