इन्दौर (ईएमएस) धमकी के एक सनसनीखेज मामले में आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक के साथ अभद्रता, गाली-गलौज करते उसे नौकरी से निकलवा जान से मारने की धमकी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कर्मचारी से इस तरह की अभद्रता और धमकी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र का है। जहां प्रधान आरक्षक किशोर सिसोदिया को ड्यूटी दौरान एक मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम शिवराज सिंह बताया और बातचीत के दौरान अचानक विवाद शुरू कर अभद्रता करते धमकी दी। उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार बातचीत में आरोपी ने पहले एक महिला पूजा वर्मा के नाम पर धमकी दी जिस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उसके खिलाफ पहले से एफआईआर दर्ज है तो आरोपी आक्रोशित हो गया और लगातार अभद्र भाषा का उपयोग करने लगा। उसने न केवल गालियां दीं, बल्कि शासकीय सेवा में बाधा डालने और नौकरी से निकलवाने के साथ जान से मारने की भी धमकी दी। ड्यूटी के दौरान आरक्षक के साथ हुए इस प्रकार के व्यवहार को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और मामले में तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 18 अप्रैल 2026