--एनएचआई नाले में फंसा कार का पहिया हाथरस (ईएमएस)। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभागीय लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे बने नाले पर स्लैब न होने के कारण एक चलती कार का पहिया नाले में जा फंस गया, जिससे काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। गनीमत रही कि कार चालक सुरक्षित बच गया।जानकारी के अनुसार कार अलीगढ़ की ओर से सासनी की तरफ आ रही थी। सासनी क्षेत्र में प्रवेश करते ही चालक ने आगे चल रहे वाहन को बचाने की कोशिश की, तभी कार का पहिया सड़क किनारे खुले नाले में जा धंस गया। घटना के बाद राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले पर स्लैब न होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, खासकर रात में अंधेरे के कारण खतरा और बढ़ जाता है।काफी मशक्कत के बाद लोगों की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाले पर स्लैब नहीं डाली गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 18 अप्रैल 2026