राज्य
18-Apr-2026


देहरादून (ईएमएस)। द हैरिटेज स्कूल के नन्हे मुन्ने बच्चों ने रंग बिरंगी वेशभूषा से सुसज्जित 73वें वसंत उत्सव समारोह में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर अमिट छाप छोड़ी। यहां न्यू रोड स्थित द हैरिटेज स्कूल में 73वां वसंत उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दून बाइबल कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य सुरेश भिशन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में रहे। मुख्य अतिथि, स्कूल के निदेशक विक्रांत चैधरी, काउंसलर चारू चैधरी, प्रधानाचार्या डा. अंजू त्यागी, कनिष्ठ समन्वयक सारिका जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान नवजीवन, स्फूर्ति और खुशियों के प्रतीक वसंत का स्वागत करने के लिए भव्य कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा और रचनात्मकता से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल की प्रधानाचार्या डा. अंजू त्यागी ने मुख्य अतिथि का दर्शकों से परिचय कराया। स्कूल के नन्हे मुन्ने बच्चे रंग-बिरंगी वेशभूषा में नजर आए।कक्षा एलकेजी, यूकेजी के नन्हे-मुन्ने अपने चमकीले और रंग-बिरंगे परिधानों में बेहद सुंदर लग रहे थे और उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा एक के विद्यार्थियों के जीवंत नृत्य प्रदर्शन से हुई, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों ने मधुर गीत वसंत आ गया है प्रस्तुत किया और कक्षा एक के बच्चों ने वसंत ऋतु के आनंद को दर्शाते हुए यह एक सुंदर दिन है गीत गाकर सभी को आनंदित कर दिया। इस दौरान इन्फैंट कम्युनिटी द्वारा फूलों का खिलना, पंछी का गाना की सुंदर प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा और वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वसंत ऋतु के सार को प्रदर्शित करते हुए आवारा भंवरे गीत पर नृत्य प्रस्तुति दी गई। इसे दर्शकों से भरपूर तालियां मिली और खूब सराहा गया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/18 अप्रैल 2026