:: जन्मस्थली पर करेंगे पूजा-अर्चना, इंदौर में भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा में होंगे शामिल :: इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 19 अप्रैल को इंदौर और धार जिले के सघन प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली जानापाव पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और इंदौर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 1:15 बजे जानापाव पहुंचेंगे। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर वे यहां आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री यहां पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित भी करेंगे। यहां करीब 25 मिनट रुकने के बाद वे दोपहर 1:40 बजे धार जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। :: धार के सिरसोदिया और मोहनखेड़ा भी जाएंगे :: धार जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री दोपहर 1:55 बजे धरमपुरी तहसील के ग्राम सिरसोदिया पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके पश्चात वे दोपहर 2:55 बजे प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल मोहनखेड़ा पहुंचेंगे। यहां दर्शन और स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वे शाम 3:25 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे। :: इंदौर में शोभायात्रा का आकर्षण :: मुख्यमंत्री अपराह्न 3:55 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इंदौर प्रवास के दौरान डॉ. यादव भगवान परशुराम की जयंती पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा में विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही वे शहर के अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रकाश/18 अप्रैल 2026