क्षेत्रीय
19-Apr-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के कटरा मीरा स्थित सब्जी मंडी में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 50 से 60 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में सब्जी की दुकानों के साथ-साथ कपड़े की कई दुकानें भी आ गईं। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। रात 2 बजे भड़की आग, मची अफरा-तफरी जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे मंडी क्षेत्र से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक-एक कर दर्जनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, क्योंकि मंडी घनी आबादी के बीच स्थित है। दमकल ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पाण्डेय ने बताया कि पहले आग पर पूरी तरह नियंत्रण करना प्राथमिकता थी। अब नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। नुकसान का आकलन बाकी अग्निकांड में कितना नुकसान हुआ है, इसका सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। प्रशासन का कहना है कि दुकानदारों से जानकारी लेने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। ईएमएस