क्षेत्रीय
18-Apr-2026


बालाघाट (ईएमएस). जिले में सडक़ हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। लांजी-बालाघाट मार्ग पर दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि एक वाहन शादी समारोह से लौट रहा था, जिस पर बल्लारखेड़े परिवार का स्टिकर लगा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं दूसरी घटना ग्राम इटोरा बस स्टैंड के पास सामने आई, जहां अचानक ब्रेक फेल होने के कारण एक स्कूटी अनियंत्रित होकर लिमेश तिडक़े की दुकान में जा घुसी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। दोनों ही घटनाओं में किसी के गंभीर रूप से घायल न होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन लगातार बढ़ते सडक़ हादसों ने चिंता जरूर बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सडक़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। भानेश साकुरे / 18 अप्रैल 2026