स्कूलों, गांवों और कस्बों में चलाया जा रहा अभियान बालाघाट (ईएमएस). दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल सुरक्षा को लेकर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और आम लोगों को रेल से जुड़ी खतरनाक गतिविधियों और अपराधों के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलगाडयि़ों पर पत्थरबाजी और रेल लाइन पर अवरोध रखने जैसी घटनाओं पर रोक लगाना है, जो न केवल अपराध हैं बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती हैं। रेल सुरक्षा से जुड़ी रिपोर्टों के विश्लेषण में सामने आया है कि अधिकांश घटनाएं रेल लाइन के पास रहने वाले बच्चों द्वारा अनजाने में या खेल-खेल में की जाती हैं। ऐसे में आरपीएफ द्वारा स्कूलों, गांवों और कस्बों में जाकर बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान काउंसलिंग के माध्यम से बच्चों को यह समझाया जा रहा है कि रेल लाइन के पास जाना, पत्थर फेंकना या ट्रैक पर कोई वस्तु रखना न केवल खतरनाक है बल्कि दंडनीय अपराध भी है। आरपीएफ ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे बच्चों पर नजर रखें और उन्हें ऐसे कृत्यों से दूर रखें। यह अभियान 16 अप्रैल से बालाघाट, गोंदिया, नागपुर, भंडारा, छिंदवाड़ा और मंडला सहित अन्य स्थानों पर चलाया जा रहा है। भानेश साकुरे / 18 अप्रैल 2026