खेल
19-Apr-2026
...


चेन्नई (ईएमएस)। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ हुए मैच के बाद आईपीएल के इस 19 वें सत्र में सबसे अधिक रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में पहले नंबर पर पहुंच गये हैं, वहीं सबसे अधिक विकेट के मामले में सीएसके के युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज नंबर एक पर पहुंचने के साथ ही पर्पल कैप के दावेदार बन गये हैं। बल्लेबाजी की बात करें तो क्लासेन ने इस मैच में 59 रनों की पारी खेलकर अब तक सत्र में सबसे अधिक रनों के मामले में गुजरात टाइंटंस के शुभमन गिल और आरसीबी के विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए नौ विकेट पर 194 रन बनाए। क्लासेन के अब 6 मैचों में 283 रन हो गये हैं। वहीं शुभमन ने 4 मैचों में 251 रन बनाए हैं जबकि विराट के नाम 6 मैचों में 247 रन हैं। वहीं आरसीबी के रजत पाटीदार ने 6 मैचों में 230 रन बनाए हैं जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान किशन ने 6 मैचों में 213 रन बनाए हैं। दूसरी ओर गेंदबाजी की बात करें तो सीएसके के गेंदबाज अंशुल कंबोज इस मैच के साथ ही सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गये हैं। कंबोज इसी के साथ ही पर्पल कैप की दौड़ में शीर्ष पर पहुंच गये हैं। कंबोज ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में अच्छी गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए। इसी के साथ ही उन्होंने प्रसिद्द कृष्णा को पीछे छोड़ा। कंबोज के अब कुल 13 विकेट हो गये हैं जबकि कृष्णा के नाम 11 विकेट हैं। अंशुल ने 6 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। भुवनेश्वर कुमार ने 6 मैच में 10 विकेट जबकि प्रिंस यादव ने 5 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। एक समय शीर्ष पर चल रहे रवि बिश्नोई अब काफी पीछे हो गये हैं। उनके नाम पर 8 हैं। ईएमएस 19 अप्रैल 2026