खेल
19-Apr-2026
...


मुम्बई (ईएममएस)। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाला बढ़ाया जाना तय नजर आता है। एक रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई साल 2027 एकदिवसीस विश्वकप को देखते हुए अगरकर का करार एक साल बढ़ा सकती है। अगरकर का कार्यकाल इसी साल जून में समाप्त होने वाला है। बोर्ड का मानना है कि विश्वकप से पहले चयन समिति में कोई बदलाव नहीं होना चाहिये। बीसीसीआई अगरकर की उपलब्धियों से भी संतुष्ट है। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 विश्वकप के अलावा चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। वहीं टीम 2023 एकदिवसीय विश्वकप के फाइनल में पहुंची थी। बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार अगरकर के कार्यकाल में टीम में तेजी से बदलाव हुआ और कई कठिन फैसले बिना किसी दबाव के लिए गये। जिससे बोर्ड प्रभावित है। ऐेसे में बोर्ड के अंदर सभी चाहते हैं कि विश्वकप से पहले चयन समिति में बदलाव ठीक नहीं रहेगा। वहीं कप्तान सूर्यकुमार का पद खतर में है। सूर्या ने टीम को जीत दिलायी है पर रन नहीं बनाये हैं, ऐसे में उनकी बल्लेबाजी को लेकर बोर्ड संतुष्ट नहीं है। ऐेसे में जून-जुलाई में होने वाले इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे में सूर्यकुमार को हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यह दौरा तय करेगा कि उन्हें 2028 तक टीम की योजनाओं में शामिल रखा जाएगा या नहीं। खासकर उनकी बल्लेबाजी पर ज्यादा नजर रहेगी। ईएमएस 19 अप्रैल 2026