राज्य
19-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में बंद घरों की रेकी करते थे और रात में ताले तोड़कर चोरी करते थे। चोरी का माल तुरंत सुनार के जरिए बेच दिया जाता था या छिपा दिया जाता था। दिल्ली के पूर्वी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मधु विहार इलाके में हुई करीब 1 करोड़ रुपये की चोरी के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोना, हीरे, चांदी के गहने और करीब 8 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह घटना 1 अप्रैल 2026 की है, जब आर्य नगर अपार्टमेंट के एक घर में चोरी की शिकायत मिली। घर मालिक ने बताया कि वे 31 मार्च की शाम को घर बंद करके गए थे और अगले दिन लौटने पर ताले टूटे मिले। घर से करीब 1 करोड़ रुपये के गहने और 12 लाख रुपये नकद चोरी हो चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और मधु विहार थाना पुलिस की दो टीमें बनाई गईं। दिल्ली पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 10 किलोमीटर तक आरोपियों के भागने का रास्ता ट्रैक किया। तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने पहले बाबलू और रामपाल को पकड़ा, फिर उनके साथी विशाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सुनार रवि सोनी और एक महिला साथी पिंकी का नाम सामने आया, जिन्हें बाद में दबोच लिया गया। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/19/ अप्रैल /2026