राज्य
19-Apr-2026
...


-बरसात का जल इन संरचनाओं के जरिए समाएगा जमीन में भोपाल,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में जल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है। “जल संचय जनभागीदारी-2.0” अभियान के तहत जिलेभर में 575 सड़कों के किनारे करीब 1.05 लाख रोड साइड रिचार्ज पिट बनाए गए हैं। इन संरचनाओं के माध्यम से इस बारिश के मौसम में लगभग 60 करोड़ लीटर पानी जमीन में समाने का अनुमान है। जिला प्रशासन के अनुसार, एक बार में इन रिचार्ज पिट्स की कुल क्षमता करीब 20 करोड़ लीटर है, लेकिन पूरे मानसून सीजन में इनका उपयोग कई बार होने से कुल जल संचय क्षमता बढ़कर 60 करोड़ लीटर तक पहुंच सकती है। यह पहल गिरते भूजल स्तर को सुधारने और भविष्य के जल संकट को कम करने में अहम भूमिका निभा सकती है। इस संबंध में मीडिया को जानकारी दे रहे जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि रिचार्ज पिट एक छोटा लेकिन प्रभावी ढांचा होता है, जो बारिश के पानी को बहने से रोककर सीधे जमीन में पहुंचाता है। इससे पानी का संरक्षण होता है और भूजल स्तर में सुधार होता है। इसके साथ ही जिले में कंटूर ट्रेंच और सोख्ता पिट जैसे अन्य जल संरक्षण कार्य भी किए गए हैं, ताकि वर्षा जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर स्थायी समाधान तैयार किया जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की पहल न केवल पानी की उपलब्धता बढ़ाती है, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद करती है। खंडवा जिले का यह मॉडल अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकता है, जहां जल संकट एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। हिदायत/ईएमएस 19अप्रैल26