:: धार के सिरसोदिया में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 400 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में; मुख्यमंत्री ने बरसाए फूल :: धार (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह संकल्पित है। सामूहिक विवाह सम्मेलन महज एक आयोजन नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल और सामाजिक सहयोग का जीवंत प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री रविवार को अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त पर धार जिले के ग्राम सिरसोदिया में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विवाह बंधन में बंधे 400 जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने धार की ऐतिहासिकता का स्मरण करते हुए कहा कि यह पावन धरा भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मणी की स्मृतियों से जुड़ी है, जिससे इस मांगलिक आयोजन का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि विवाह हमारी गौरवशाली संस्कृति का सबसे महत्वपूर्ण आधार और 16 संस्कारों में श्रेष्ठ पाणिग्रहण संस्कार है। प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ एक सच्चे मित्र और अभिभावक की तरह हमेशा खड़ी है। :: अभिभावक की भूमिका में मुख्यमंत्री :: समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं अभिभावक का दायित्व निभाते हुए नव-दंपत्तियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना ने निर्धन माता-पिता की उस चिंता को दूर कर दिया है, जिसके कारण वे बेटियों की शादी को बोझ समझते थे। अब बेटियाँ समाज के लिए वरदान हैं। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए 49 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कालुसिंह ठाकुर, प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण और नव-दंपत्तियों के परिजन भी इस मांगलिक प्रसंग के साक्षी बने। मुख्यमंत्री ने सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। प्रकाश/19 अप्रैल 2026