राज्य
19-Apr-2026


:: बुरहानपुर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई; पालकों को लौटानी होगी सवा तीन लाख से अधिक की राशि :: बुरहानपुर (ईएमएस)। स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बुरहानपुर के प्रतिष्ठित अशासकीय सेंट टेरेसा हायर सेकेंडरी स्कूल द्वारा शासन के नियमों का उल्लंघन कर 10 प्रतिशत से अधिक फीस वसूलने का मामला उजागर हुआ है। इस अनियमितता पर गठित जिला समिति ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रबंधन पर 2,00,000 (दो लाख) रुपये की शास्ति (जुर्माना) अधिरोपित की है। साथ ही, अधिक वसूली गई राशि पालकों को वापस करने के आदेश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री रोहिणी पवार ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत अशासकीय शिक्षण संस्थाओं द्वारा प्रतिवर्ष की जाने वाली शुल्क वृद्धि की समीक्षा जिला समिति द्वारा समय-समय पर की जाती है। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सेंट टेरेसा स्कूल ने सत्र 2022-23 और 2023-24 में निर्धारित सीमा से अधिक फीस वसूली है। समिति द्वारा परीक्षण किए जाने पर संस्थान को नियमों की अवहेलना का दोषी पाया गया, जिसके बाद प्रथम प्रतिदाय आदेश पारित किया गया। :: 30 दिनों में लौटानी होगी फीस :: प्रशासनिक आदेश के अनुसार, स्कूल प्रबंधन को संबंधित छात्रों और पालकों से वसूली गई अतिरिक्त राशि 30 दिनों के भीतर वापस करनी होगी। स्कूल ने सत्र 2022-23 में 95,150 रुपये और सत्र 2023-24 में 2,30,420 रुपये नियम विरुद्ध वसूले थे। इस प्रकार कुल 3,25,570 रुपये की राशि छात्रों और पालकों को लौटानी होगी। राशि वापस करने के उपरांत स्कूल को भुगतान की पावती के साथ जिला समिति के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। :: अभिभावकों को बड़ी राहत :: शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से उन पालकों को बड़ी राहत मिली है जो निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि से परेशान थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि कोई स्कूल शासन के मापदंडों का उल्लंघन कर अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है, तो उसके विरुद्ध इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रकाश/17 अप्रैल 2026