:: 30 अप्रैल तक खुला रहेगा पोर्टल; प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी 11 अंकों की विशिष्ट SE ID :: बुरहानपुर (ईएमएस)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं गणना) के लिए शासन ने नागरिकों को डिजिटल शक्ति प्रदान की है। अब नागरिक प्रगणक का इंतजार किए बिना स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्व-गणना पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले के नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। क्या है स्व-गणना और क्यों है जरूरी? स्व-गणना एक ऐसी ऑनलाइन प्रक्रिया है, जिसमें निवासी अपने परिवार का विवरण स्वयं भर सकते हैं। इस प्रक्रिया में मात्र 15 से 20 मिनट का समय लगता है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि डेटा सटीक रहता है और प्रगणक के घर आने पर आपको लंबी पूछताछ से नहीं गुजरना पड़ता। 30 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रक्रिया के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी। :: इन 9 स्टेप्स में पूरी होगी प्रक्रिया :: लॉगिन : आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपना राज्य चुनें और कैप्चा दर्ज करें। पंजीकरण : परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें। ध्यान रहे, एक मोबाइल नंबर से एक ही परिवार का पंजीयन होगा। सत्यापन : पसंदीदा भाषा चुनकर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी (OTP) से सत्यापन करें। स्थान का चयन : अपना जिला, पिन कोड और गांव/नगर का नाम दर्ज कर लैंडमार्क की जानकारी दें। मैपिंग : डिजिटल मानचित्र पर लाल संकेतक (मार्कर) को खींचकर अपने घर के सटीक स्थान पर रखें। प्रश्नावली : मकान की स्थिति और सुविधाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर भरें। समीक्षा : डेटा सबमिट करने से पहले एक बार पुनः जांच लें। यहाँ आप संशोधन भी कर सकते हैं। सबमिशन : कन्फर्म और सबमिट बटन दबाते ही H अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की SE ID जनरेट होगी। इसे संभालकर रखें। सत्यापन : जब जनगणना प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें यह SE ID दिखा दें। इससे आपका डेटा तुरंत स्वीकार कर लिया जाएगा। :: कलेक्टर की अपील :: कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर जानकारी भरते समय डेस्कटॉप या लैपटॉप का उपयोग करना बेहतर होगा, ताकि मानचित्र पर घर का स्थान सही ढंग से चिन्हित किया जा सके। यदि किसी कारणवश SE ID प्रगणक के डेटा से मेल नहीं खाती है, तो प्रगणक पुनः जानकारी एकत्र करेंगे। प्रकाश/17 अप्रैल 2026