राज्य
19-Apr-2026


* उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया प्रचार का आगाज़, विपक्ष पर साधा निशाना; सभा में उमड़ी भारी भीड़ वलसाड (ईएमएस)| वलसाड जिले में स्थानीय स्वराज चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नायब मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने जिले के सिगवा गांव में आयोजित ‘विकास संकल्प सभा’ में भाग लेकर भाजपा के चुनाव प्रचार का आगाज़ किया। सभा में उमड़ी भारी भीड़ ने भाजपा के मजबूत जनाधार के संकेत दिए। कार्यक्रम में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में व्यापक प्रचार किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्साह देखने लायक था। सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों के अधिकारों का शोषण किया गया और “किसानों के नाम पर मिलने वाले 6 हजार रुपये तक में हेराफेरी” की गई। संघवी ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के लिए धरातल पर कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया, बल्कि केवल राजनीति की गई। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में AAP नेता के निजी सचिव को हवाला मामले में पकड़ा गया और इन पैसों का उपयोग गुजरात की शांति भंग करने तथा सामाजिक तनाव फैलाने में किया जा रहा है। सभा में वलसाड के सांसद, स्थानीय विधायक और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का माहौल रहा। हर्ष संघवी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे भाजपा के विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए मतदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि स्थानीय स्वराज की इस लड़ाई में भाजपा एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी। सतीश/19 अप्रैल