राज्य
19-Apr-2026


रामनगर (ईएमएस)। रामनगर मे एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। रामनगर कोतवाली में तहरीर देते हुए पीड़ित जसवीर सिंह ने बताया कि वह बंजारी गेट कोसी में डंपर चालक का काम करता है, रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे काम पर चला गया था। दोपहर में उसका बेटा अमृत सिंह उसे खाना देने पहुंचा। इसी दौरान अर्जुन सिंह ने अमृत को रोककर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। पीड़ित के अनुसार, 18 अप्रैल को जब जसवीर सिंह और उनका बेटा काम से लौट रहे थे तभी अर्जुन सिंह काले रंग की स्कूटी से वहां आ धमका, आरोप है कि उसने अमृत पर तमंचे से निशाना साधते हुए फायर कर दिया। गोली अमृत को नहीं लगी और वह किसी तरह मौके से बचकर निकल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दोबारा फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही युवक वहां से भाग निकला। जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि हुई है। आरोपी अर्जुन सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह पहले भी फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने धारा 173 बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा करती है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/19 अप्रैल 2026